पाकिस्तान के बलूचिस्तान में रविवार देर शाम को ग्वादर कोस्ट गार्ड पर हमला किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां पर सुरक्षा बलों और हमलावर लड़ाकों ने एक दूसरे पर फायरिंग की।
कुछ लड़ाके हथियारों के साथ कोस्ट गार्ड के अंदर घुस गए और वहां से हमला किया। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि यह लड़ाके BLA से जुड़े हैं या किसी अन्य संगठन के सदस्य हैं।
इससे पहले रविवार सुबह ही बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सेना पर फिदायीन हमले का दावा किया था। इसमें 90 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे।
क्वेटा से ताफ्तान जा रहे 8 मिलिट्री वाहनों पर नोशकी के हाईवे के पास हमला किया गया। BLA के मुताबिक उसकी मजीद और फतेह ब्रिगेड ने सेना के काफिले पर सुसाइड बॉम्बिंग की।
फिदायीन लड़ाके ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी से किया हमला
जानकारी के मुताबिक सुबह BLA का एक फिदायीन लड़ाका विस्फोटकों से भरी गाड़ी लेकर सेना के काफिले से टकरा गया। इसके बाद फतेह स्क्वॉड ने सेना के काफिले में घुसकर हमला किया।
जिस वाहन पर सुसाइड अटैक किया गया था, वो पूरी तरह तबाह हो गया। घायलों को नोशकी के अस्पताल में भर्ती किया गया। इलाके में इमरजेंसी लागू कर दी गई।
पाकिस्तानी पुलिस बोली- सिर्फ 5 सैनिक मारे गए
पाकिस्तानी पुलिस ने बलूच आर्मी के दावे के उलट कहा है कि सड़क के पास पड़े एक बम में विस्फोट हुआ। सैनिकों को लेकर वहां से गुजर रही बस इसकी चपेट में आ गई। हमले में पांच पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं, जबकि 10 घायल हुए हैं। मृतकों और घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।